Monday, 31 October 2011

तीन कवितायेँ- बसंत कुमार परिहार



नई यात्रा का आरम्भ

आज फिर सिमटकर



सामने आ गया है समय
ज़ूम लैंस लगे कैमरे की तरह
इन्फिनिटी पर बैठे दृश्य
यकबक उछलकर
सामने आ गए हैं बहुत क़रीब
घिर आई है फिर
वही पुरानी बदरिया

स्मृतिओं के उसी पुराने आँगन पर
और झरने लगी हैं बूँदें
धरती फिर हो उठी है रसवंती
ठूंठ हुए पेड़ की जड़ों के तंतु
पीने लगे हैं जीवन की रसधार

मैं भी
एक सिहरन सी अनुभव कर रहा हूँ
अपने शरीर में

फुनगियाँ
फिर फूट रही हैं शरीर के रंद्रों से
विगत फिर गुदगुदा रहा है मुझे
और
कोई बड़ी सुरीली सी तान
फिर गूंजने लगी है मेरे कानों में
बंजर मेरी धरती
फिर बन उठी है वृन्दावन

विगत और आगत
मेरी दूरबीन के लैंस के फ़ोकस पर
आ बैठे हैं एक साथ
और सब कुछ जो आउट आफ फ़ोकस था

फिर साफ सुथरा
नवजात मेमने सा
फुदकने लगा है मेरी आँखों के सम्मुख
जीवन के इस पड़ाव से
कई बार गुजरा है मेरा कारवाँ

आज फिर किसी नई यात्रा का
आरम्भ है मेरे दोस्त !
######


दो

आदमी बहुत छोटा है


आओ,
इन हवाओं के साथ मिलकर गाएं
इनकी सरसराहट में
प्रादेशिकता की बू नहीं -

आओ,
इन विहगों के साथ मिलकर गाएं
और उड़ें निर्भीक होकर-
इन्हें
न सैलाब का डर है
न किसी आंधी या तूफान का-
इनकी दुनिया में
आतंकवादी नहीं होते-

हवाओं की तरह
इनका जीवन भी मुक्त है- बन्धनहीन !

अपनी इच्छा से उड़ते हैं ये प्रवासी -
इनकी दुनिया में कोई रोकटोक नहीं
न कोई बंधन है पासपोर्ट का
न प्रवास पत्र की ज़रुरत -

हवाओं की तरह
गुदगुदा लेते हैं ये सीना
चड़ी नदी का-
घुस जाते हैं
पर्वतों की फटी दरारों में-

पेड़ों से कर लेते हैं छेड़खानी -

अपने पंखों पर
तोल लेते हैं ताकत तूफानों की !
आदमी कितना छोटा है इनके आगे !
खुद अपने आप से डरा
अपने बन्धनों में बंधा
अपनी ही रस्सिओं में कसा !

आओ, हवाओं के साथ गाएं
पक्षिओं के साथ उड़ें........

####

तीन

नींद से जागना


हर सुबह में उठता हूँ
और एक नया संसार होता है मेरे सामने
और सामने होती है
रेशमी उजाले में लरजती
एक संसृति-

प्रतिदिन
पाता हूँ मैं
एक नूतन वरदान -

कितना दिव्य है
नींद से नित जागना
भीड़ में गुम हो जाना
अकेले में गुनगुनाना
मुस्कुराना
शब्दों के फूल चुनना
पिरोना
और उस एकांत को सजाना
जहां से
संगीत का एक झरना फूटता है
और प्रकाश की चादर ओड़कर
सो जाता हूँ........

#########



अब तक कुल पन्द्रह पुस्तकें प्रकाशित तथा कई पुरुस्कारों से सम्मानित।
वर्तमान में -त्रैमासिक -पत्र 'आकार ', अब अहमद का लगातार सम्पादन ।
संपर्क -१/१, पत्रकार कालोनी , नारायणपुरा , अहमदाबाद (गुजरात )
फ़ोन : ०७९-२७४३५८०१

Sunday, 6 June 2010

अशोक गुप्ता

सुराख
मेरी कमीज़ में एक सुराख है
मैं
जब उसे पहन कर
घर के बाहर निकलता हूँ,
मेरा कद
दोनों सिरों पर
तेज़ी से जलती मोमबत्ती की तरह
घटने लगता है
और
मैं टांक लेता हूँ उस सुराख पर
अपनी हथेलियों के पेवंद.

कुछ एक सुराख
मेरी बनियाइन में भी हैं.
मैं जब उसे उतार कर
घर की खूँटी पर टाँगता हूँ,
आर्थिक आंकड़ों का एक रेगिस्तान
मेरी आँख के आगे घूम जाता है
और
मैं झपट लेता हूँ अपनी मुठ्ठियों में
अपनी कमीज़ का
कोई एक कोना.

किसे पता है,
मेरे कलेजे मैं कितने सुराख हैं ?

सूरज रोज़ उगता है
रोज़ डूब जाता है,
और इस बीच मेरे कलेजे मैं
अनगिनत सुराख़
और बढ़ जाते हैं.

मुझे नहीं पता
कलेजा क्यों नहीं बदला जा सकता
कमीज़ की तरह
और
क्यों मेरी उंगलियाँ
मेरे कलेजे के सुराखों पर
पेवंद बनने से इनकार कर देती हैं ?
मेरे दिमाग में भी
एक सुराख है शायद....
-------------------------------------------------------------------------------
उस दिन..
उस दिन
टट्टू से,
पैदल
और नाव से
तय हुआ मेरा सफ़र
और तब जा कर मैं पहुँच पाया.

उस दिन
इंतज़ार भरी यात्रा में,
सुस्ताने में
चलते चलते पल भर ठहर कर,
और
असमंजस में
कट गया मेरा समय
और, तब जा कर मैं पहुँच पाया.

उस दिन
काजी से,
अपनी मां से
और इस उस से
मैं पूछता रहा अपने घर का पता
और
सुनता रहा बार बार
कि यहाँ कोई नहीं रहता
मेरे शहर मोहल्ले में
मेरे नाम पते का..

उस दिन कि शिनाख्त ?
यह तो
बहुत कठिन है दोस्त,
मैं
किस दिन तो उंगली रख कर
वह दिन कह दूँ..
------------------------------------------
पता
एक घर
धीरे धीरे खँडहर हो रहा है
भूचाल के बाद.

एक आदमी
काठ हो रहा है धीरे धीरे
बैठा हुआ कुर्सी पर,
हिसाब कर रहा है
ट्रक पर लदते हुए आलू के बोरों का.

एक सपना
फडफडा रहा है गोदाम में चमगादड़ की तरह
किसी की आंख में
उसकी जगह नहीं है.

पेड़ की कोटर से
निकल रहा है एक सांप
ओस से भीगी हुई दूब वाली ज़मीन पर
हर आदमी, हर घर,
उसे सबका पता मालूम है।


२९ जनवरी १९४७ को देहरादून में जन्म. अब तक सौ से अधिक कहानियां , अनेको कविताएँ दो कहानी संग्रह ,एक उपन्यास प्रकाशित हो चुके हैं . बेनजीर भुट्टो की आत्मकथा daughter of east को हिंदी में अनुवाद .
संपर्क - बी - ११/४५ ,सेक्टर १८ ,रोहिणी , दिल्ली - 110089

Thursday, 1 October 2009

अशोक आंद्रे


कविताएँ

(१)

उम्मीद

जिस भूखण्ड से अभी - अभी
रथ निकला था सरपट
वहां पेड़ों के झुंड खड़े थे शांत,
नंगा कर गए थे उन पेड़ों को
हवा के बगुले
मई के महीने में.
पोखर में वहीं,
मछली का शिशु
टटोलने लगता है मां के शरीर को.
मां देखती है आकाश
और समय दुबक जाता है झाड़ियॊ के पीछे
तभी चील के डैनों तले छिपा
शाम का धुंधलका
उसकी आंखों में छोड़ जाता है कुछ अंधेरा
पीछे खड़ा बगुला चोंच में दबोचे.
उसके शिशु की
देह और आत्मा के बीच के
शून्य को निगल जाता है
और मां फिर से
टटोलने लगती है अपने पेट को
.
(२)

तरीका

मुर्दे हड़ताल पर चले गए हैं
पास बहती नदी ठिठक कर
खड़ी हो गई है!
यह श्मशान का दृश्य है.
चांडाल,
आग को जेब में छिपाए
मन ही मन बुदबुदाने का ढोंग करता -
मंत्र पढ़ने लगा है,
अवैध-अनौतिक पैसा ऎंठने का
शायद यह भी एक तरीका हो!

(३)

तथाकथित नारी

निष्प्राण हो जाती है
मूर्ति की तरह तथाकथित नारी
जबकि तूफान घेरता है उसके मन को,
यह इतिहास नहीं/जहां
कहानियों को सहेज कर रखा गया हो....
एक-एक परत को
उघाड़ा गया है दराती-कुदालों से,
ताकि उसकी तमाम कहानियों की गुफ़ा में
झांका जा सके,
ताकि उन कहानियों में दफ़्न
मृत आत्माओं की शांति के लिए
कुछ प्रार्थनाओं को मूर्त रूप दिया जा सके,
उस निष्प्राण होती मूर्ति के चारों ओर
जहां अंधेरा ज़रूर धंस गया है,
आखिर कला की अपराजेयता की धुंध तो
छंटनी ही चाहिए न,
ताकि मनुष्य के प्रयोजनों का विस्तार हो सके.
कई बार घनीभूत यात्राएं उसकी
संभोग से समायोजन करने तक
आदमी, कितनी आत्माओं का
राजतिलक करता रहता है
हो सकता है यह उसके
विजयपथ की दुंदुभि हो,

लेकिन नारी का विश्वास मरता नहीं
धुंए से ढंकती महाशून्य की शुभ्रता को
आंचल में छिपा लेती है
समय सवाल नहीं करता उस वक्त
उस खंडित मूर्ति पर होते परिहासों पर
शायद शिल्पियों की निःसंगता की वेदना
पार लगाने के लिए ही तो इस तरह
कालजयी होने की उपाधि से सुशोभित
किया जाता है उसे,
आखिर काल का यह नाटक किस मंच
की देन हो सकता है ,
आखि़र नारी तो नारी ही है न,
मनुष्य की कर्मस्थली का विस्तार तो नहीं न,
मूर्ति तो उसके कर्म की आख्याओं का
प्रतिरूप भर है
तभी तो उसका आवा से गमन तक का सफ़र
जारी है आज भी,
इसीलिए उसकी कथाएं ज़रूर गुंजायमान हैं
शायद यही उसका प्राण है युगान्तक के लिए
जो धधकता है मनुष्य की देह में
अनंतता के लिए.

(४)

पता जिस्म का

एक जिस्म टटोलता है
मेरे अंदर तहखाने में छिपे, कुछ जज़्बात
जिनकी क़ीमत
समय ने अपने पांवों तले दबा रखी है
उस जिस्म़ की दो आंखें एकटक
दाग़ती हैं कुछ सवालों के गोले
जिन्हें मेरी गर्म सांसें धुंआ-धुंआ करती हैं
उनकी नाक सूघंती है
मेरे आसपास के माहौल को
जिसका पता मेरे पास भी नहीं है.
उसके होंठ कुछ पूछने को
हिलते हैं आगाह करने के लिए
उसके कान मना कर देते हैं सुनने को,
मैं उस जिस्म़ की खुदाई करता हूं,
और खाली समय में ढूंढता हूं
अपने रोपे बीज को,
जो अंधेरे में पकड़ लेता है मेरा गला
पाता हूं कि वह और कोई नहीं,
मेरे ही जिस्म़ का पता है
जहां से एक नए सफ़र का दिया
टिटिमा रहा है

(५)

आंतरिक सुकून के लिए

एक पर्वत से दूसरे पर्वत की ओर
जाता हुआ व्यक्ति/कई बार फ़िसल कर
शैवाल की नमी को छूने लगता है.
जीवन खिलने की कोशिश में
आकाश की मुंडेर पर चढ़ने के प्रयास में
अपने ही घर के रोशनदान की आंख को
फोड़ने लगता है

मौत जरूर पीछा करती है जीवात्माओं का
लेकिन जिन्दगी फिर भी पीछा करती है मौत का
सवारी गांठने के लिए,
सवारी करने की अदम्य इच्छा ही व्यक्ति को
उसकी आस्था के झंडे गाड़ने में मदद करती है.
कई बार उसे पूर्वजों द्वारा छोड़े गये,
सबसे श्रेष्ठ शोकगीत को,
गुनगुनाने के लिए लाचार भी होना पड़ता है.
जबकि समुद्र समय की चुप्पी को तोड़ने के लिए
चिघाड़ता है अहर्निष,

आखिर व्यक्ति तो व्यक्ति ही है
इसलिए उसे गीत तो गाने ही पड़ेंगे
चाहे शुरू का हो या फिर/अंतिम यात्रा की बेला का,
क्योंकि कंपन की लय/टिकने नहीं देगी उसे,
जीवन उसे खामोश होने नहीं देगा
उत्तेजित करता रहे चीखने-चिल्लाने के लिए.
उसके आंतरिक सुकून के लिए.

Sunday, 13 September 2009

इला प्रसाद की कविताएँ

अनुभव

जिस- जिस से पाया है,
उनको मैं जानती हूँ।
जिन दरों पर सर झुकाया,
उनको पहचानती हूँ
इससे परे भी होगी दुनिया
जीवन , विश्वास , आस्था , मूल्य
मैं उनको नहीं जानती
और मेरे इस न जानने से
कहीं कुछ भी कम नहीं होता
न मेरे लिए
न उनके लिए
जीवन वही और उतना ही है
जितना अनुभवों से बना है।


अनुभव (२)

मेरे अनुभवों का संसार
कितना बड़ा या छोटा है
उससे तुम्हें क्या?
उसकी सुंदरता - कुरूपता
गहराई या भिन्नता
कुछ भी मायने रखती क्या
अगर उससे उपजा सच
यूँ शब्दों में ढलकर
तुमतक न पहुँचता??



झारखंड की राजधानी राँची में जन्म। काशी हिन्दू विश्वविद्यालय से सी. एस. आई. आर. की रिसर्च फ़ेलॊशिप के अन्तर्गत भौतिकी(माइक्रोइलेक्ट्रानिक्स) में पी.एच. डी एवं आई आई टी मुम्बई में सी एस आई आर की ही शॊध वृत्ति पर कुछ वर्षों तक शोध कार्य । राष्ट्रीय एवं अन्तर-राष्ट्रीय शोध पत्रिकाओं में शोध पत्र प्रकाशित । भौतिकी विषय से जुड़ी राष्ट्रीय एवं अन्तरराष्ट्रीय कार्यशालाओं/ सम्मेलनों में भागीदारी एवं शोध पत्र का प्रकाशन/प्रस्तुतीकरण।कुछ समय अमेरिका के कालेजों में अध्यापन।

Monday, 31 August 2009

रूप सिंह चन्देल

कहानी


एक मिनट यार !

“चमन...” आवाज़ गैलरी को लाँघती, दरवाजे को फलाँगती चमन के कानों से टकराई तो मफ़लर से ढंके उसके कान चौकन्ना हो उठे।‘आहूजा आज फिर डांटेगा...कुछ भी नहीं सुनेगा।’ मेज पर तेजी से डस्टर घुमाते चमन के हाथ सरकने लगे।“आज फिर तूने सवा नौ बजा दिए। अभी तक सफाई नहीं हुई? भगवान के लिए फूल सजाने हैं... कब करेगा?” आहूजा के बायें हाथ में नोट शीट का पैड और दाहिने में पेन था। दफ़्तर जाने के साथ ये चीजें एक बार उसके हाथ आतीं तो दफ़्तर बंद होने तक वह उन्हें थामे रहता।“अभी सब हुआ जाता है सर।"“ऐसे नहीं चलेगा। समय से नहीं पहुँच सकता तो बोल, भिजवा दूँ पूना–भुवनेश्वर। करना वहाँ मटरगश्ती।"“मटरगश्ती कैसी सर! आज कोहरा अधिक था। बस अटक गई आई.टी.ओ. पुल पर...।"“रोज का बहाना छोड़। कोहरा उधर से अधिक रहा होगा वसंत कुंज इलाके में... फिर भी मैं कैसे पहुँच गया समय से !” शब्दों को पीसता आहूजा बोला।“सर, आप बस से कहाँ आते हैं। आप तो आटो से...।"“तुझे किसने मना किया है। तू भी आटो से आ।" आहूजा दाहिने हाथ से सिर खुजलाता बोला। ऐसा वह प्राय: करता है।चमन चुप रहा। मेज साफ हो चुकी तो आहूजा बोला, “जल्दी कर... भगवान के पास अगरबत्ती जला और यह ले माला।" पॉलिथीन की थैली में गुलाब की माला बढ़ाता आहूजा बोला, “इसे उस छोटी मेज पर रख दे।"“जी सर !” चमन अगरबत्ती सुलगाने लगा।“और सुन।" चमन आहूजा की ओर देखने लगा।“पानी का जग साफ करके भर ला। गिलास में हल्का गर्म पानी... आज ठंड अधिक है।"“जी सर !”आहूजा पलटा, “आज ससुरा स्वीपर भी नहीं आया। बाथरूम साफ नहीं हो पाया।" सिर खुजलाता वह बुदबुदाया, “क्या-क्या देखूँ !” आहूजा दरवाजे पर ठिठक गया। चमन जग उठाये उसके पीछे ही था कि वह चीखा, “अबे तुझे कितनी बार कहा कि आते ही ब्लोअर चालू कर दिया कर... अगर मैम आ गई...।" आहूजा ने घड़ी देखी, “आने का समय हो रहा है।... अपने साथ मेरी भी छीछालेदर करवाएगा। अब तक कमरा गर्म हो जाना चाहिए था। ऐं... समझ में नहीं आता?”“सॉरी सर, भूल गया था। अभी किए देता हूँ।" आहूजा के चेहरे के भाव देख चमन सकपका गया और ब्लोअर की ओर बढ़ा।“उसे छोड़, दौड़– अच्छी तरह जग साफ कर पानी भर... उसे मैं आन कर दूँगा।" आहूजा ब्लाअर आन करने के लिए बढ़ गया।चमन पानी लेने दौड़ गया तो आहूजा ने कमरे से अटैच मैम के बाथरूम-कम-टॉयलेट का मुआयना किया। प्रसाधन सामग्री देखी। कंघा, लिपिस्टिक, परफ्यूम, क्रीम, सब दुरुस्त... वह आश्वस्त हुआ। उसने टॉवल उलट कर टांगा, टिश्यू-पेपर्स, टॉयलेट सॉप... दुरुस्त पाया उसने।उसे दफ़्तर के चपरासियों पर विश्वास नहीं है। सभी चोर हैं– मैम की लिपिस्टिक उठा लें, परफ्यूम या पाउडर घर ले जाएं। छोटे लोगों की मानसिकता छोटी होती है। एक बार हंगामा हुआ था। मैम को एक सेमिनार में जाना था। लिपिस्टिक और कंघा गायब थे। मैम का पारा सातवें आसमान पर... वह सकपकाया-सहमा रहा। स्टॉफ-कार लग चुकी थी कमरे के बाहर। समय भी न था कि गोल मार्केट से मंगवाता। उस क्षण उसने सोचा था कि मैम के जाते ही वह चमन और स्वीपर की खबर लेगा। लेकिन, तभी मैम को याद आ गया था। पिछले दिन सेमिनार में जाते समय मैम वे चीजें पर्स में डाल कर ले गई थी।चमन और स्वीपर आरोप की गिरफ्त में आने से बच गये थे।कमरे से निकलते चमन ने मन ही मन आहूजा को भद्दी-सी गाली दी और सामने आ रहे सहायक निदेशक अंसारी को तेज आवाज़ में नमस्ते की।अंसारी ठंड से सिकुड़ा हुआ था। चमन की नमस्ते का उत्तर धीमे स्वर में दिया उसने, जिसे चमन नहीं सुन सका।‘यह ज़िन्दगी भी क्या है !’ भुनभुनाता हुआ चमन भाग्य को कोस रहा था।‘दफ़्तर में दूसरे चपरासी भी हैं, लेकिन न आहूजा उन्हें कुछ कहता है और न अंसारी। वे सब कभी भी आते-जाते हैं। लेकिन उनकी गाज मुझ पर ही गिरती है।’चमन सोच रहा था, ‘पता नहीं कौन-से पाप किए थे कि निदेशक के साथ ड्यूटी लगा दी। पाँच साल से एक ही रूटीन! सुबह पाँच बजे से ही दफ़्तर शुरू हो जाता है, बच्चे तक को ढंग से स्कूल के लिए तैयार नहीं कर पाता। पत्नी दुखी है। दुनिया को देखती जो है। पड़ोसी रामभरोसे कभी भी साढ़े आठ बजे से पहले दफ़्तर के लिए घर से नहीं निकलता। शाम छह बजे तक घर वापस। जबकि मैं दफ़्तर से ही साढ़े छह बजे के बाद निकल पाता हूँ। रात साढ़े आठ से पहले घर पहुँचना कठिन है। जबकि रामभरोसे का दफ़्तर मेरे दफ़्तर के पास ही है।’‘कितनी ही बार आहूजा को ड्यूटी बदलने को कहा, लेकिन वह सुने तब न ।’‘आहूजा है तो सेक्सन आफिसर... लेकिन संयुक्त निदेशक राव के बजाय उसका दबदबा अधिक है दफ़्तर में। वह मैम की नाक का बाल बना हुआ है। एक दिन सुधीर बाबू जिक्र कर रहे थे– आहूजा खानदानी है। इसका बाप भी इसी विभाग में था और वह भी बड़े अफसरों के सेवाभाव में रात-दिन एक किए रहता था।’नल पर दूसरे दफ़्तर के चपरासी पहले ही झुके हुए थे।‘आहूजा मुझे कहता है कि वह आटो से आ सकता है... मैं क्यों नहीं। मुझे कह ही देना चाहिए था कि नया फर्नीचर और निदेशक से लेकर दूसरे अधिकारियों के कमरों के लिए कारपेट की खरीद में बीस प्रतिशत कमीशन आहूजा साहब चमन ने नहीं खाया था। दूसरे न जाने कितने काम हैं जिसमें वह कमीशन खाता है।’‘क्या मैम को यह सब पता नहीं। लेकिन, उनके आँखें मूंदे रहने का भी कारण है। मैम के बच्चों से लेकर हसबैंड के लिए दिन-भर दफ़्तर की गाड़ी दौड़ती रहती है। प्रतिदिन लंच दफ़्तर खाते से... घर के दोनों कुत्तों के लिए हफ्ते में तीन दिन गोल मार्केट से मीट आहूजा स्वयं लेने जाता है... अपनी जेब से नहीं...दफ़्तर खाते से। एक कैजुअल लेबर रामखिलावन स्थायी रूप से मैम के घर रहता है, कुत्तों को नहलाने, टहलाने और घर के दूसरे कामों के लिए। सिविल सर्विस से एक वर्ष पूर्व रिटायर्ड मैम के पति की सेवा में दिन-भर दौड़ता रहता है रामखिलावन।’‘रामखिलावन ने एक दिन फुसफुसा कर बताया था– तू नहीं जानता चमन... आहूजा हर दूसरे दिन मैम के बंगले में सुबह आठ बजे पहुँचता है फूल लेकर... ड्राइंग-रूम के लिए। बीस के चालीस वसूलता होगा वह फूलों के- दफ़्तर से।’आहूजा फूलों की एक माला प्रतिदिन दफ़्तर लाता है। मैम के कमरे में भगवान की एक मूर्ति है... एक कोने में... मैम ने लाकर रखी थी। ट्रांसफर पर आयी, तब साथ लायी थीं। दफ़्तर पहुँचते ही मैम पाँच मिनट पूजा करती है– माला पहनाती है। शाम दफ़्तर छोड़ते समय भी पूजा करना नहीं भूलतीं। भगवान में उनकी प्रगाढ़ आस्था है। एक घटना ने आहूजा की आस्था भी उस मूर्ति के प्रति जाग्रत कर दी थी। तब से आहूजा दफ़्तर पहुँचते ही उसके सामने सिर झुकाना नहीं भूलता।हुआ यह कि एक बार मैम को कलकत्ता के लिए राजधानी ट्रेन पकड़नी थी। पूजा किए बिना जाना मैम के लिए कठिन था। लेकिन दो आवश्यक फाइलें निबटाने में उन्हें इतना समय लगा कि पूजा करने का अर्थ था–गाड़ी छूटना। गाड़ी छोड़ना उन्हें स्वीकार था, पूजा नहीं।उस दिन आहूजा विकल भाव से कभी मैम के कमरे में जाता, कभी बाहर कार तक। उसके चेहरे पर तनाव स्पष्ट था। जब तक मैम की पूजा समाप्त नहीं हुई, आहूजा अंदर-बाहर होता रहा। पूजा से निपट मैम बोली, “आहूजा, इतना परेशान क्यों हो... राजधानी मुझे लेकर ही जाएगी।"“मैम दस मिनट ही...” घड़ी देख आहूजा बोला।“पंद्रह मिनट का रास्ता है यहाँ से स्टेश्न का... ट्रेन मिलेगी।"और ट्रेन एक घंटा विलम्ब से गई थी। आहूजा सोचे बिना नहीं रह सका कि वह विलम्ब पूजा के कारण ही हुआ।दफ़्तर के दूसरे चपरासी जा चुके थे। चमन जग साफ करने लगा।चमन दबे पांव मैम के कमरे में घुसा। मैम तब तक आयी नहीं थीं। आहूजा को कमरे में न पाकर उसने राहत महसूस की। जग मैम की कुर्सी के पीछे स्टूल पर रख वह बाहर उन्हें रिसीव करने जाने के लिए मुड़ा तो उसे बाथरूम-कम-टॉयलेट से कुछ आहट-सी सुनाई दी।‘स्वीपर जगन अब आया है। इसको इतनी बार समझाया गया कि मैम के आने के समय वह बाथरूम में न घुसा करे। खुद भी मरेगा... मुझे भी मरवाएगा। मैम तो मैम... आहूजा देख लेगा तो जमीन-आसमान एक कर देगा।’बाहर का दरवाजा खोलने के लिए बढ़ता वह बाथरूम की ओर मुड़ गया। दरवाजा खोलते ही उसने जो देखा तो वह हत्प्रभ कुछ देर तक देखता ही रह गया। आहूजा संडास पर झुका हुआ था। उसके दाहिने हाथ में एक छोटा-सा डंडा था। डंडा संडास में डाल आहूजा उसे घुमा रहा था, यों जैसे संडास की सफाई कर रहा हो। क्षण भर तो चमन देखता रहा, फिर बोला, “सर, मैम आने वाली हैं। उन्हें रिसीव नहीं करेंगे।"“एक मिनट यार !...” आहूजा ने उसकी ओर देखे बिना खीझ भरा उत्तर दिया और बदस्तूर संडास में डंडा घुमाता रहा।चमन दरवाजा खोल बाहर निकल गया।
-- Roop Singh Chandelhttp://www.vaatayan.blogspot.com/wwwrachanasamay.blogspot.com

Sunday, 28 June 2009

अशोक आंद्रे

डर

आकाश में झांकना
उस झाँकने में दृश्य पैदा करना
फिर उस दृश्य में अपनों को ढूँढना
डर पैदा करता है ।

ज़मीँ उलझन देती है
इन उलझनों में घंटिया बजती हैं लगातार ,
पेड़ की ओर देखो तो
आकाश फिर दिखने लगता है ।

बंद कमरे में पसरे सन्नाटे के मध्य
खिड़कियों में फंसी झिर्रियों की तरह
एक आँख देखती है
समय के आवर्त को, जो
डर के नये मापदंड पैदा करती है ।

लेकिन उलझन का क्या करूं ?
पहाडों के बीच फंसा पानी भी तो
आकाश में सफेद रेशों का जाल बुनता है
जितना उसमें घुसो उतना गहरा होता जाता है
इसीलिए आकाश में झांकना डर पैदा करता है ।

अपने तो दिखते नहीं उस झाँकने में
आदमी तो भ्रमित होता रहता है
लेकिन उन रेशों की झनक में
हृदय की धडकनों की लय है
जिन्हें सुनने तथा देखने की ललक
आकाश में फिर झाँकने को मजबूर करती है ।

डर फिर भी आंखों के किसी कोने में
धंसता रहता है ,
जिसे जीवन की ललक पीठ की ओर धकेल देती है ।


(2)

उनके पाँव

जब से सिद्धांतों की सड़क
तैयार की है अपने ही अन्दर
एक खौफ़ लगातार बढ़ता जा रहा है
क्योंकि विकास के सारे रास्ते
उथली - संस्कृति की तरफ विकसित हो रहे हैं
उसके आगे के रास्ते गहरी ढलान की तरफ
धंसते दिखाई देते हैं ।

पहाड़ जहां कांपते हैं , हवा सरसरा जाती है
क्योंकि एक लहर धुंए की
यात्रा करने लगती है ,
और मनुष्य उस धुएँ में छिपा
अपने ही लोगों का करता है विनाश
जिसके निशान इन्हीं सड़कों पर देख
सहम जाते हैं आदिवासी
अंतस में उलझा आदिवासी संशय से देखता है -
इन सड़कों को ,

जो उनकी हरियाली को लीलने लगते हैं ,
जीवन बचाने के लिए ये आदिवासी
सभ्यों से दूर अपनी आकांक्षाओं में लीन
जंगल में बहते पानी में
ज़मीं छूती हरियाली में,रोपतें हैं

नन्हें बच्चों के पांवों के चिन्ह

ताकि उनके जंगलों में जीवन की श्रंखला स्थापित हो सके ,

और पहाडों के मन में सुकून की लहर

दौड़ती रहे ।

क्योंकि उनके लिए इन सड़कों का कोई महत्व नहीं है ,

उनके पाँव ही उनकी खुबसूरत सड़कें हैं ।

Saturday, 25 April 2009

अशोक आन्द्रे

कब से

कब से खामोश खड़ा मैं
आकाश की ओर घूर रहा हूँ
निष्ठुर समय पास खड़ा
अट्ठ्हास कर रहा है
क्योंकि पहाड़ पिघल रहे हैं
उनके आस - पास की हरियाली को
घोट कर पी लिया है किसी ने
इसको देखने के लिए अभिशप्त हैं हम ।
खेत सूख चलें हे कंक्रीट के पेड़ों तले
उन पर खड़ा व्यक्ति नारों से पेट भर रहा है ,

सिक्के चलते नहीं , दौड़ते हैं
उसके पीछे दौड़ते - दौड़ते
थक गया है आदमी
इस व्यवस्था का क्या किया जाए
अंधकार सुनामी की तरह धमकाता है
सिर्फ भूख से बिलखते
बच्चे ही आभास देते हैं
शायद जिन्दगी अभी ख़त्म नहीं हुई है

संदेह और भय के बीहडों में कुछ खोजने
को प्रेरित करते हैं चंद शब्द
फिर भी क्यूँ अट्टहास करता है समय ,
और मजबूर करता है आकाश घूरने को
आख़िर कब तक घूरते रहेंगे हम
अपने समय के आकाश को


छूने के प्रयास में

अंतस के गहन अंधेरे में
सिद्धांतो के विशालकाय महल खड़े हैं
जिन्हें मेरे पूर्वजों ने कभी शब्दशिल्पी बन
निर्मित किया था
जिनकी ऊचाइयां अब सांझ ढले
जमीन छूने को आतुर दिखाई देती हैं
इस सब के बावजूद उन्नत शब्द भी
चीटियों की तरह रेंगते हैं मेरे अन्दर , और
बौने स्वरूपों में परिवर्तित हो
मेरे सामने से गुजरते हुए अदृश्य हो जाती हैं ।
अपनी गंध छितराई हवा में जरुर छोड़ जाती हैं
जिन्हें मेरे हाथ छूने के प्रयास में
अचिन्हित डोरों में उलझ कर
झूलने लगते हैं
समझने में असमर्थ
धरती के जीव - जंतुओं के साथ
आकाश छूते पेडों की ऊचाइयां
सिर झुकाने लगती हैं ,
सिद्धांतो के उन विशालकाय महलों के आगे
जहां लोग अपनी अधूरी आस्था को
अपनी ही जातियों की अंध मान्यताओं की शिला पर
खंडित होते देखने के बावजूद
बनाते हैं विश्वास के ढूह
और देखता हूँ खज़िआये कुत्ते
सुबह से शाम तक अपनी कुंकुआती
ध्वनीसे चारों दिशाओं में भटकते हैं
और समय उनकी लार सा रिसता रहता है
लेकिन अंधेरे रहस्यों में
आत्माओं का आवागमन रहता है जारी
बीत रही जिन्दगी झांकना चाहती है
कुछ इस तरह जैसे पत्तलों को चाटता कुत्ता ।
समझ नहीं आता चाटूं उन पत्तलों को
या फिर मैं चला जाऊं कुत्तों के वजूद में
या ढूंढू सिद्धांतो के विशालकाय महलों में
खोई तमाम दुरात्माओं को
जिन्हें चट कर लिया है
इन विशाल शब्द शिलाओं ने ,
सिद्धांतों के विशालकाय महलों के कंगूरे
फिर - फिर छूने लगें हैं
अंतस में फैली घाटी को
शायद इसी भ्रम में से ही तो मनुष्य को
खोज कर स्थापित करना है मुझे
ताकि वे सिद्धांतो के विशालकाय
महलों में बसे आस्थाओं के साथ
दिग - दिगंत तक स्थापित रह सकें